रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आईपीएल का रोमांच चरम पर है, लेकिन इस बार मैदान की बाउंड्री से ज्यादा चर्चा छत्तीसगढ़ी संस्कृति की हो रही है। रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू (RCB) की टीम, जिसने रायपुर को अपना दूसरा होमग्राउंड बनाया है, यहाँ के पारंपरिक रंग में पूरी तरह रंगी नजर आई। मायरा रिसॉर्ट में ठहरे आरसीबी के खिलाड़ियों का स्वागत पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ किया गया। टीम के कप्तान रजत पाटीदार सहित सभी क्रिकेटर्स ने छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाया। उन्हें चरोटा भाजी, कांदा भाजी और रागी के व्यंजन खूब भाए, वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए बस्तर का प्रसिद्ध ‘तीखुर शरबत’ उनकी पहली पसंद बना।

टीम के सीईओ राजेश मेनन ने रायपुर की गर्मजोशी की तारीफ करते हुए कहा कि यहाँ उन्हें बिल्कुल घर जैसा महसूस हो रहा है। खिलाड़ियों ने न केवल व्यंजनों का स्वाद चखा, बल्कि बस्तर की हस्तशिल्प और आदिवासी कला के बारे में भी बारीकी से जाना। टैटू के शौकीन क्रुणाल पांड्या यहाँ की प्राचीन ‘गोदना कला’ से खासे प्रभावित हुए और इसके पीछे छिपी कहानियों में गहरी रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से करीब 10 साल बाद रायपुर में आईपीएल की वापसी हुई है, जिससे राज्य की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो रही है।

10 मई को मुंबई इंडियंस और 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले इन मुकाबलों के लिए रायपुर सज-धज कर तैयार है। मैच का आकर्षण बढ़ाने के लिए अनुष्का शर्मा, रितिका सजदेह और नीता अंबानी जैसी मशहूर हस्तियों के भी पहुंचने की संभावना है। क्रिकेट और संस्कृति का यह अनूठा मेल छत्तीसगढ़ के पर्यटन और पहचान के लिए एक सुनहरा अध्याय लिख रहा है।


