फसलों की वास्तविक स्थिति के अनुसार एंट्री करने और शेष खसरों का सर्वे शीघ्र पूरा करने के निर्देश

Follow Us

करूमहू और बनारी में पीव्ही ऐप से भौतिक सत्यापन कार्य का लिया जायजा

जांजगीर-चांपा। संभागायुक्त सुनील जैन ने आज जिले के ग्राम करूमहू और बनारी में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं पीव्ही ऐप के माध्यम से भौतिक सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर सर्वे की प्रगति और दर्ज की जा रही फसलों की जानकारी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से सर्वे कार्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संभागायुक्त जैन ने निर्देशित किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान खेतों में बोई गई फसल की वास्तविक स्थिति के अनुरूप ही जानकारी दर्ज की जाए। फसल संबंधी विवरण की एंट्री में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक खसरे का भौतिक स्थिति के आधार पर सत्यापन किया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने पड़त भूमि का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जिन खेतों में वर्तमान में कोई फसल नहीं बोई गई है, ऐसे खसरों को वास्तविक स्थिति के अनुसार पड़त भूमि के रूप में दर्ज किया जाए। सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि या भिन्नता पाए जाने पर तत्काल पुन: सर्वे कर सही प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत अभी शेष खसरों की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शेष सर्वे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, तहसीलदार अकलतरा अविनाश चौहान सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।