बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और शराबखोरी की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में 2 अक्टूबर को भाटापारा ग्रामीण, भाटापारा शहर, कसडोल, सिमगा और पलारी थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबे, ठेले और चखना सेंटरों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार इस दौरान शराब पीने-पिलाने की व्यवस्था कराने और सार्वजनिक जगहों पर शराब का सेवन करने वाले 7 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान सड़क किनारे संचालित ऐसे स्थानों को भी देखा गया, जहां शराब पीने के लिए बैठने की व्यवस्था या चखना सेंटर संचालित किए जाने की शिकायतें थीं।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की जद में सूर्यप्रकाश बंजारे (26), निवासी निपनिया, शेखर चेलक (25), निवासी भगत सिंह वार्ड भाटापारा, नरेश देवांगन (31), निवासी सिमगा, जीत भारती (24), निवासी भैंसापसरा बलौदाबाजार, रामेश्वर क्लार (37), निवासी रसेड़ा, अश्वनी लहरे (37), निवासी सेल और लीलाधर फेकर (40), निवासी घिरघोल शामिल हैं। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब बिक्री, शराबखोरी को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। होटल, ढाबा, ठेला या सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
