तेहरान। ईरान में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों से अगली सूचना तक ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से पूरी तरह बचने की अपील की है। यह सलाह ऐसे समय में जारी की गई है, जब मध्य-पूर्व में तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन हालात को देखते हुए एहतियात बरतने पर जोर दिया गया है।
दूतावास ने कहा कि जिन लोगों के लिए ईरान की यात्रा अत्यंत आवश्यक है, वे पूरी सतर्कता बरतें और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। वहीं, ईरान में पहले से रह रहे भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे दूतावास में अपना पंजीकरण कराएं, केवल विश्वसनीय समाचार स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि वह ईरान की सुरक्षा स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि हालात में कुछ सुधार देखने को मिला है, लेकिन नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल यात्रा संबंधी प्रतिबंधात्मक सलाह वापस नहीं ली गई है।
आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। भारतीय नागरिक आवश्यकता पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
+989128109115
+989128109109
+989128109102
+989932179359
