राजनांदगांव। जिले के स्टेशन पारा क्षेत्र में रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण की अधूरी परियोजना को लेकर लोगों का गुस्सा एक बार फिर सड़क पर दिखाई दिया। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं और जल्द निर्माण शुरू करने की मांग उठाई गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि, रेलवे लाइन पार करना रोजाना जान जोखिम में डालने जैसा बन गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का आरोप है कि कई बार हादसे जैसी स्थिति बन चुकी है, लेकिन इसके बावजूद रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता नहीं दिखाई। कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष किशन खंडेलवाल ने कहा कि, अंडर ब्रिज अब क्षेत्र की मूलभूत जरूरत बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि, करीब तीन-चार साल पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य पिछले एक साल से पूरी तरह बंद पड़ा है। कई बार ज्ञापन सौंपने और अधिकारियों से मुलाकात के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिले। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि, यदि जल्द निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

