रायपुर। राजधानी रायपुर में ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर शिक्षा विभाग के सख्त निर्देशों के बावजूद कई निजी स्कूल नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा घोषित छुट्टियों के बाद भी प्रदेश के कई अशासकीय स्कूलों में कक्षाएं संचालित होने की शिकायतें सामने आई हैं। इतना ही नहीं, भीषण गर्मी के बीच बच्चों को स्कूल आने के लिए मजबूर किए जाने के आरोप भी लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को चेतावनी पत्र जारी किया है।

विभाग ने स्पष्ट कहा है कि, 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। इसके बावजूद कुछ निजी स्कूल लगातार कक्षाएं चला रहे हैं, जो शासन के आदेश का सीधा उल्लंघन है। डीपीआई ने निर्देश दिए हैं कि, ऐसे स्कूलों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और इसकी रिपोर्ट संचालनालय को भेजी जाए। इस मुद्दे पर बिलासपुर हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल बुलाने पर चिंता जताई गई है। अब विभाग की सख्ती के बाद निजी स्कूलों में हड़कंप मच गया है।
