न्यायधानी में अवैध शराब बिक्री का खुलासा! चखना सेंटर से खुलेआम बिक रही देशी शराब, वीडियो वायरल

Follow Us

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर चल रहे कथित अवैध शराब कारोबार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में दुकान के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है, जहां खुलेआम देशी शराब बेचे जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, शराब दुकान के पास संचालित चखना सेंटर को अवैध बिक्री का ठिकाना बना दिया गया है। आरोप है कि यहां ग्राहकों को तय कीमत से अधिक रकम लेकर सीधे शराब उपलब्ध कराई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक एक पाव देशी शराब 200 रुपये तक में बेची जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का दावा है कि, पिछले कुछ दिनों से दुकानों में देशी शराब की कमी बताई जा रही थी। इसी का फायदा उठाकर अवैध बिक्री का खेल तेजी से फैल गया। मामले के सामने आने के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इस पूरे नेटवर्क को संरक्षण कौन दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आबकारी विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।