- भिलाई में 5 हजार और प्रदेश में 25 हजार नए वोटर सूची से बाहर,
- जनगणना-2027 में जातिगत गणना पर भी उठाए सवाल
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एसआईआर, धान खरीदी और नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ आगमन पर सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा एक इनोवा में सिमट जाएगी। राज्य में भाजपा सरकार की स्थिति खराब है।
उन्होंने ने कहा कि एसआईआर में भिलाई नगर निगम की मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी हुई है, भिलाई में 5 हजार से अधिक और पूरे प्रदेश में 25 हजार नए मतदाताओं के नाम नहीं जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को छठ पर्व है, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार नहीं जा रहे, बिहार में हार के बाद छत्तीसगढ़ आना पड़ गया। वहीं धान खरीदी को लेकर कहा कि खरीदी के लिए सिर्फ 42 कार्यदिवस बचे हैं, सरकार के पास बारदाने, जगह और राशि की क्या व्यवस्था है, सरकार को इस पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
शुक्रवार को रायपुर निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि 15 नवंबर को छठ पूजा है, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार नहीं जा रहे हैं। बिहार चुनाव में हार के बाद वे सीधे छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। बघेल ने भाजपा की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा एक इनोवा में सिमट जाएगी। राज्य में भाजपा सरकार की स्थिति खराब है। भाजपा को सिर्फ ज्ञानेश कुमार ही जीता सकते हैं। ज्ञानेश रहेंगे तो 90 में 91 सीट भाजपा जीत जाएगी।
भिलाई में 5 हजार नए वोटरों के नाम नहीं जुड़े
भूपेश बघेल ने कहा कि 23 अक्टूबर को मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। इसमें कई मतदाताओं के नाम इधर से उधर कर दिए गए। कांग्रेस ने इस गड़बड़ी को लेकर आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद निगम ने सुधार के लिए समय बढ़ाया।
उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने की अंतिम तारीख 11 नवंबर थी, लेकिन बड़ी संख्या में नए वोटरों के नाम सूची में नहीं जुड़ पाए। भिलाई में करीब 5 हजार और पूरे प्रदेश में लगभग 25 हजार नए मतदाता इससे प्रभावित हुए हैं। बघेल ने कहा कि जेन-जी का बुखार भारत निर्वाचन आयोग को चढ़ गया है। नए मतदाताओं का नाम जोड़ा ही नहीं गया है। जेन-जी मतदाताओं के साथ आयोग ने बड़ा षड्यंत्र किया है। कांग्रेस की मांग है कि नए मतदाताओं का नाम जोड़ा जाए। भाजपा जेन-जी के वोट से डर रही है।
42 दिन में कैसे खरीदेंगे पूरा धान?
धान खरीदी को लेकर बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि किसान 21 क्विंटल धान बेचे या नहीं बेचे, उसे आदान राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजना में भी किसानों को आदान सहायता दी जाती थी। प्रति एकड़ आदान सहायता देना कांग्रेस की योजना को आगे बढ़ाना है। भाजपा ने आखिरकार कांग्रेस की नीति पर पलटी मारी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू हो जानी चाहिए थी।
आदान सहायता के नाम पर सरकार झुनझुना पकड़ा रही है। धान खरीदी को लेकर सरकार की लचर व्यवस्था दिख रही है। सरकार किसानों से पूरा धान नहीं खरीदना चाहती। बघेल ने सरकार से सवाल किया कि क्या बारदाने, जगह की पर्याप्त व्यवस्था कर ली है? सरकार के पास किसानों को देने के लिए क्या पर्याप्त राशि है? राइस मिलर्स ने क्या बीते वर्ष का पूरा चावल जमा कर दिए हैं?
अगर नहीं हुआ तो उठाव के लिए डीओ कैसे कटेगा? सरकार की ओर से धान खरीदी को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं दिख रही है। बघेल ने कहा, सरकार को धान खरीदी पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। बघेल ने कहा कि सरकार के पास धान खरीदी के लिए केवल 42 कार्यदिवस हैं। यदि इस अवधि में किसान अपना धान नहीं बेच पाए तो सरकार क्या व्यवस्था करेगी?
