दिल्ली। दिल्ली के सोनिया विहार में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुश्ता नंबर-5 पर सुबह करीब 5:17 बजे ट्रक (डंपर) और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में नवजात बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।एसटीओ मनोज त्यागी ने सुबह 8:20 बजे घटनास्थल से लौटने के बाद हादसे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में आठ लोग घायल हुए थे, जबकि तीन वर्षीय एक बच्ची सुरक्षित बच गई। घायलों को तत्काल जगप्रवेश अस्पताल पहुंचाया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पीसीआर की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था।
नवजात समेत तीन की मौत
ट्रक और ऑटो के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो अज्ञात पुरुषों और एक नवजात बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, घायलों में 32 वर्षीय राजा, 30 वर्षीय राखी, दो अज्ञात पुरुष और एक अज्ञात महिला शामिल हैं। दुर्घटना में तीन वर्षीय एक बच्ची सुरक्षित बच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। डॉ. तैयब चौधरी और थाना सोनिया विहार के जांच अधिकारी एएसआई महेश दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
