खौफनाक वारदात: भांजी से बात करने पर भड़के मामा, बीच सड़क पर युवक पर चढ़ा दी कार

Follow Us

जूनागढ़। गुजरात के जूनागढ़ जिले के मांगरोल इलाके से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती से बात करने की युवक को खौफनाक सजा दी गई। लड़की के मामाओं को युवक का उनकी भांजी से बात करना इस कदर नागवार गुजरा कि उन्होंने बीच सड़क पर फिल्मी स्टाइल में युवक को जान से मारने की कोशिश की। बीते 10 जून को मांगरोल-कामनाथ रोड पर जब पीड़ित अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था, तब पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और कार सवार उन्हें कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए। इस जानलेवा हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

शुरुआत में इस घटना को एक सामान्य सड़क हादसा दिखाने की पूरी कोशिश की गई थी और पुलिस भी इसे एक्सीडेंट मानकर जांच कर रही थी। हालांकि, जब पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, तो इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया। फुटेज में साफ दिखा कि कार चालक ने जानबूझकर बाइक को निशाना बनाते हुए उसे रौंदा था। पुलिस ने फुटेज के आधार पर शेपा गांव के रहने वाले दोनों आरोपी मामाओं, याकूब घमेरिया और अनवर घमेरिया को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने पहले भी युवक को भांजी से दूर रहने की चेतावनी दी थी और बात न मानने पर उसे रास्ते से हटाने के लिए इस खूनी खेल को अंजाम दिया। मांगरोल पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।