बिना अनुमति चंगाई सभाओं पर हिंदू संगठन सख्त: जिले के कई वार्डों में हंगामा, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

Follow Us

धमतरी। जिले में रविवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग वार्डों में चल रही कथित ‘चंगाई सभाओं’ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सिटी कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चल रहे इन आयोजनों में हिंदू संगठनों ने पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा संचालकों और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे घंटों तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हिंदू जागरण मंच का सीधा आरोप है कि ये सभाएं बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और ‘धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम’ के नियमों को ताक पर रखकर आयोजित की जा रही हैं।

संगठन के अनुसार, इन सभाओं में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हो रहे हैं, जिन्हें कथित तौर पर चंगाई के नाम पर भ्रमित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कानून के मुताबिक किसी भी धार्मिक आयोजन या परिवर्तन से जुड़ी सूचना प्रशासन को देना अनिवार्य है, लेकिन यहाँ खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद इन सभाओं पर कोई ठोस अंकुश नहीं लगाया जा रहा है, जिससे ऐसी गतिविधियों के हौसले बुलंद हैं।

इधर, बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि शहर में चल रही ऐसी सभाओं की सूची मंगवाई गई है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी आयोजन बिना अनुमति या अवैध तरीके से पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस नजर बनाए हुए है ताकि शांति व्यवस्था भंग न हो।