जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कुनकुरी थाना परिसर के ठीक सामने स्थित एक ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़कर 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान ग्राम धुमाडांड निवासी निलिमा लकड़ा के रूप में हुई है। इस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले उसने खुद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी लोकेशन की जानकारी दी थी।
जानकारी के मुताबिक, निलिमा पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही थी। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर अपने मोबाइल पर सुसाइड और फांसी लगाने से जुड़े वीडियो देखा करती थी और पहले भी जान देने की कोशिश कर चुकी थी। घटना के एक दिन पहले वह अपनी चार साल की बेटी के दस्तावेज बनवाने के लिए अस्पताल गई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई थी।
मंगलवार सुबह जैसे ही वह टावर पर चढ़ी, कुनकुरी पुलिस, नगर सेना और डीडीआरएफ (DDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव दल और अधिकारियों ने उसे लगातार समझाने और बातों में उलझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का हरसंभव प्रयास किया। लेकिन सभी कोशिशें नाकाम रहीं और उसने सबके सामने ही फांसी लगा ली। टावर की ऊंचाई अत्यधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को शव को नीचे उतारने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
