हरियाणा नगर निगम परिणाम: मानेसर में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत, विनेश फोगाट के क्षेत्र जुलाना में खिला कमल

Follow Us

चंडीगढ़। नगर निगम मेयर के चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है। तीन बार कलानौर हलके से विधानसभा चुनाव हार चुके पार्टी के मेयर प्रत्याशी रामअवतार वाल्मीकि ने कांग्रेस प्रत्याशी सूरजमल किलोई को 45 हजार 191 हजार वोटों के अंतर से मात दी। खास बात यह रही कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव में जाट बाहुल्य वार्डों में जहां कांग्रेस ने जीत हासिल की थी, वहां भाजपा मेयर चुनाव में भारी पड़ी। नॉन जाट बाहुल्य वार्डों में तो कांग्रेस को करारी हार मिली है। 13 राउंड चली मतगणना में कांग्रेस भाजपा को एक भी राउंड में नहीं हरा सकी। दरअसल निगम चुनाव में भाजपा ने जहां पूरा जोर लगाया, जबकि कांग्रेस में उत्साह नजर नहीं आया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव प्रचार करने तक नहीं आए। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने ही चुनाव प्रचार की कमान संभाली। कांग्रेस विधायक बीबी बतरा व शकुंतला खटक ही अपने हलकों में प्रचार करते दिखे। दूसरी तरफ भाजपा पूरी ताकत लगा रखी थी। मुख्यमंत्री नायब सैनी न केवल मेयर प्रत्याशी का नामांकन कराने आए, बल्कि रोहतक से ही निकाय चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया गया। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, मंत्री अरविंद शर्मा, कृष्णलाल पंवार, कृष्ण बेदी, श्रुति चौधरी, विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्णलाल मिड्ढा व पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने प्रचार में भाग लिया।

आपको बता दें की नगर परिषद अंबाला सदर के अध्यक्ष पद की दौड़ में भाजपा प्रत्याशी स्वर्ण कौर 13 हजार 672 वोटों से आगे चल रही हैं। हालांकि अभी 84 बूथों का ही परिणाम सामने आ पाया है। इन बूथों की मतगणना के बाद जारी किए परिणाम के आधार पर भाजपा प्रत्याशी को 31 हजार 291 वोट मिले हैं, वहीं चित्रा सरवारा समर्थित उम्मीदवार मंदीप कौर बब्याल को 17 हजार 619 वोट मिल चुके हैं।। जबकि अभी 72 बूथों की जनगणना बाकी है। वहीं खरखौदा नगरपालिका चुनाव में बीजेपी कब्जा जमाने में कामयाब रही है। भाजपा प्रत्याशी हीरा लाल इंदौरा ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी मैक्सिन ठेकेदार को हराने का काम किया है। जबकि वार्ड पार्षदों के मुकाबले में भी दो वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिली। जिसमें वार्ड चार में जसबीर ने पूर्व पार्षद मोहन दहिया को तीन मतो से मात देने का काम किया। जबकि वार्ड नौ में संजय पंवार ने कांटे की टक्कर में संदीप को मात्र एक वोट से हराने का काम किया है। खरखौदा में सुबह आठ बजे आरओ एसडीएम डा. निर्मल नागर की देखरेख में मतगणना शुरू हुई, पहले वार्ड पार्षदों का परिणाम आया, जिसमें वार्ड एक से हरिओम, दो से लक्ष्मी देवी, तीन से नवीन दहिया, चार से जसबीर, पांच से सीमा देवी, छह से प्रमोद, सात से अनूप, आठ से कृष्ण कुमार, नौ से संजय पंवार, दस से वीणा देवी, 11 से सोमवती, 12 से पूनम देवी निर्विरोध, 13 से गोपाल सैनी, 14 से मनीषा रानी, 15 से अनिल कुमार व 16 से मुकेश कुमार ने जीत हासिल की।

कन्या कालेज के बाहर समर्थकों को जैसे ही अपने प्रत्याशी के जीत की सूचना मिली तो उन्होंने ढ़ोल बजाने शुरू कर दिए। इसके बाद रंग-गुलाल भी उड़ाया जाने लगा। इसके बाद जैसे ही नपा अध्यक्ष पद को लेकर गिनती शुरू हुई तो, पहले ही राउंड में भाजपा के हीरा लाल ने बढ़त बनानी शुरू कर दी और तीनों ही राउंड में बढ़त बरकार रखते हुए जीत दर्ज की। जिसके बाद शहर में भाजपाइयों ने शहर में जीत का जश्न मनाते हुए विजय जुलूस निकाला। नगर पालिका रादौर के अध्यक्ष पद भाजपा अपनी झोली में डालने में कामयाब रही। यहां भाजपा प्रत्याशी रजनीश मेहता ने 1904 वोट लेकर निकट प्रतिद्वंधी आजाद उम्मीदवार दलीप कुमार उर्फ रिंकू को 482 वोट से हराया। दलीप को 1422 वोट हासिल हुए। इसके अलावा आजाद प्रत्याशी महिंद्र को 533, अजय को 456, सतविंद्र को 141 वोट पड़े, वहीं 31 लोगों ने नोटा बटन भी दबाया। बता दें कि रादौर नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए केवल भाजपा ने अपना प्रत्याशी उतारा था। भाजपा ने ही यहां अपने सिंबल पर चुनाव लड़ा। कांग्रेस व अन्य दलों ने अपने सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ा। भाजपा को छोड़ अन्य दल चुनाव प्रचार में भी ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आए। इसका फायदा भाजपा को मिला और उनके प्रत्याशी रजनीश मेहता विजयी रहे। नगर निगम मेयर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान को 34,766 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने सोनीपत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता की जीत है। मैं सोनीपत की जनता का दिल से धन्यवाद करता हूं। ट्रिपल इंजन की सरकार (केंद्र, राज्य और नगर निगम) अब शहर के विकास को नई गति देगी। हम सोनीपत में बड़े विकास कार्य करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। पार्षद पद के लिए अब तक 9 वार्ड के रिजल्ट आ चुके हैं। जिसमें 7 में भाजपा ने जीत हासिल की है। वार्ड नंबर 6 में निर्दलीय प्रत्याशी ऊषा रानी ने जीत हासिल की। वार्ड नंबर 8 में निर्दलीय प्रत्याशी रवि सैनी जमालपुरिया जीते। पार्षद के चुनाव में भाजपा की प्रचंड लहर नजर आ रही है। शुरुआत परिणाम आते ही समर्थकों ने ढोल नगाड़े बजाते हुए खुशी मनानी शुरु कर दी ।