हल्दिया रिफाइनरी फायर हादसा: नैफ्था पाइपलाइन में भीषण आग, 15 कर्मचारी झुलसे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित रिफाइनरी में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच नैफ्था ले जाने वाली पाइपलाइन में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही लपटों ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही रिफाइनरी प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत हल्दिया सब-डिविजनल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में करीब 15 कर्मचारी झुलस गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दमकल की कई गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि, नैफ्था कच्चे तेल के रिफाइनिंग प्रक्रिया से निकलने वाला अत्यधिक ज्वलनशील तरल पदार्थ होता है, जिसका उपयोग पेट्रोकेमिकल उद्योग, प्लास्टिक, सिंथेटिक रबर और पेट्रोल की गुणवत्ता सुधारने जैसे कई कार्यों में किया जाता है। फिलहाल रिफाइनरी परिसर में स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं और अधिकारी विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।