नई दिल्ली। परीक्षा पेपर लीक और नकल जैसी गड़बड़ियों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार आज लोकसभा में ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ पेश करने जा रही है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इस विधेयक को सदन में प्रस्तुत करेंगे। बिल पर लोकसभा में करीब 8 से 10 घंटे तक चर्चा होने की संभावना है।
प्रस्तावित संशोधन का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और पेपर लीक करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है। नए प्रावधानों के तहत पेपर लीक मामलों की तेज सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का प्रस्ताव है। साथ ही जांच प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया है।
सरकार इस बिल के जरिए वर्ष 2024 में बने कानून को और मजबूत करना चाहती है। इसमें दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान शामिल किया जा सकता है। लोकसभा में होने वाली बहस के दौरान NDA की ओर से युवा सांसद बांसुरी स्वराज और तेजस्वी सूर्या समेत कई नेता अपनी बात रखेंगे। इसके अलावा विभिन्न दलों के सांसद भी चर्चा में हिस्सा लेंगे। संसद में आज सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पर भी चर्चा और आगे की कार्रवाई प्रस्तावित है।
