गोल्डन गर्ल मीराबाई चानू ने किरेन रिजिजू से की मुलाकात, टीम इंडिया की साइन की हुई जर्सी की भेंट

Follow Us

नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ऐतिहासिक तीसरा स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम के सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली विशेष जर्सी मंत्री को भेंट की। टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 85 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाकर दोनों वर्गों में नए गेम्स रिकॉर्ड भी बनाए। इसके साथ ही मीराबाई ने लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतकर नया इतिहास रच दिया।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए मीराबाई की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि, मीराबाई ने एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाया है। ग्लासगो से स्वदेश लौटने पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीराबाई और भारतीय टीम का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर मीराबाई ने कहा कि, उन्हें मणिपुर और भारत का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है। मीराबाई के साथ रजत पदक विजेता लवप्रीत सिंह, ज्ञानेश्वरी यादव और ऋषिकांत शर्मा का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया।