लंदन। इंग्लिश फुटबॉल क्लब चेल्सी एफसी ने अर्जेंटीना के युवा मिडफील्डर वैलेंटीन बारको को अपने साथ जोड़ने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। क्लब ने 22 वर्षीय खिलाड़ी के साथ वर्ष 2033 तक का दीर्घकालिक अनुबंध किया है। बारको अब प्री-सीजन के दौरान टीम और मैनेजमेंट के साथ जुड़ेंगे। बारको ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत अर्जेंटीना के प्रतिष्ठित क्लब बोका जूनियर्स से की थी। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया और शानदार प्रदर्शन के दम पर यूरोप का रुख किया। इसके बाद वह ब्राइटन एंड होव एल्बियन से जुड़े और सेविला तथा आरसी स्ट्रासबर्ग के लिए भी खेल चुके हैं।
पिछले सीजन में स्ट्रासबर्ग के लिए बारको का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं में 43 मैच खेलते हुए 12 गोल में अहम योगदान दिया और टीम को यूरोपीय प्रतियोगिताओं में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बारको के दमदार प्रदर्शन के चलते उन्हें अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम में भी जगह मिली। उन्होंने अब तक पांच अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और दो गोल भी दागे हैं। चेल्सी को उम्मीद है कि, युवा मिडफील्डर आने वाले वर्षों में टीम के मिडफील्ड को नई मजबूती देंगे और क्लब की भविष्य की योजनाओं में अहम भूमिका निभाएंगे।
