अनन्या पांडे की चर्चित सीरीज ‘कॉल मी बे’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रही है। प्राइम वीडियो ने 17 नवंबर 2026 को सीरीज के वर्ल्डवाइड स्ट्रीमिंग प्रीमियर की तारीख का ऐलान कर दिया है। इसका दूसरा सीजन 17 दिसंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। आठ एपिसोड वाली इस सीरीज में अनन्या पांडे एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इस बार अभिनेत्री श्रुति हासन की एंट्री भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगी।
पहले से ज्यादा उलझी होगी बे की जिंदगी
कॉलिन डी’कुन्हा के निर्देशन में बनी ‘कॉल मी बे 2’ में कहानी बे की जिंदगी के नए पड़ाव पर आगे बढ़ेगी। इस सीजन में उसके सामने पहले से ज्यादा चुनौतियां होंगी। ह्यूमर, ग्लैमर और दोस्ती के मेल के साथ बे इस बार अपने दिल और बहन कोड को भी आजमाती नजर आएगी। सीरीज में उसके रिश्तों, भावनाओं और जिंदगी के उतार-चढ़ाव को दिलचस्प अंदाज में पेश किया जाएगा।
करण जौहर ने जताई खुशी
सीरीज के निर्माता करण जौहर ने कहा कि पहले सीजन को दर्शकों का शानदार प्यार मिला था। बे की उतार-चढ़ाव भरी जिंदगी और अपनी शर्तों पर जीने के उसके अंदाज से दर्शक जुड़ाव महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे सीजन में कहानी को आगे बढ़ाते हुए बे के कुछ नए पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की गई है। साथ ही उसके मजेदार अंदाज, भावनाओं और बेबाकी को भी बरकरार रखा गया है।
‘कॉल मी बे 2’ का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता ने धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। अब दर्शकों को 17 दिसंबर का इंतजार है, जब बे की जिंदगी का नया दौर पर्दे पर देखने को मिलेगा।
