बलौदाबाजार को मॉडल विधानसभा बनाने का लक्ष्य, टंडवा में राशन भवन का लोकार्पण और 420 आवासों की मंजूरी

Follow Us

रायपुर। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने तिल्दा विकासखंड के ग्राम टंडवा के बैकुंठ मोहल्ले में 11.76 लाख रुपये की लागत से बने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए भवन से ग्रामीणों को राशन लेने में सुविधा होगी और उन्हें इसके लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और जनधन योजना के माध्यम से लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को नए भवन की सौगात मिलने पर बधाई भी दी।

मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि टंडवा पंचायत में 420 नए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पक्का मकान, शिक्षा, बिजली, पानी और राशन जैसी सुविधाएं पहुंचाना है। बलौदाबाजार विधानसभा को मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताते हुए उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अब तक 700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने स्कूलों के जीर्णोद्धार और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता बताया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच योगिता कृष्ण कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।