रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को रायपुर की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया। ईडी ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग नहीं की और आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आग्रह किया था।
ईडी का आरोप है कि हिमांशु शेखर ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपये लिए थे। आरोप है कि उसने इस काम के लिए जजों और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था। हालांकि, हिमांशु ने इन आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ चंद्राकर से कोई रकम नहीं ली और ईडी के पास कथित लेन-देन का कोई ठोस सबूत नहीं है।
0 बचाव पक्ष ने आरोपों पर उठाए सवाल
अदालत में हिमांशु शेखर की ओर से अधिवक्ता फैजल रिजवी ने पक्ष रखा। बचाव पक्ष ने कहा कि 15 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन को साबित करने के लिए ईडी के पास कोई बैंक ट्रांजेक्शन या अन्य ठोस साक्ष्य नहीं हैं। यह भी स्पष्ट किया गया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में पंजीकृत अधिवक्ता नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है। बचाव पक्ष के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने ईडी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं।
डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह का समापन आज, प्रधानमंत्री मोदी होंगे शामिल
0 जेल में सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग
अदालत में पेशी के दौरान हिमांशु शेखर ने अपनी जान को खतरा बताते हुए जेल में सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। इस पर कोर्ट ने जेलर को जेल नियमों के अनुसार उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उसे रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
0 दुबई में मुलाकातों की भी जांच कर रही ईडी
ईडी की जांच में हिमांशु शेखर और सौरभ चंद्राकर के बीच दुबई में हुई मुलाकातें भी जांच के दायरे में हैं। एजेंसी को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु के संबंध में जानकारी मिली थी। इसके बाद कथित लेन-देन और केस रफा-दफा कराने के नाम पर रकम लेने के आरोपों की जांच शुरू की गई।
राहुल के आरोपों पर भाजपा सांसद प्रसाद ने पलटवार, कहा- अगर 2024 का चुनाव फर्जी है तो इस्तीफा दें
0 मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान ईडी ने हिमांशु शेखर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ईडी ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ की। 28 नवंबर को ईडी की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद उसे विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 10 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। फिलहाल वह रायपुर सेंट्रल जेल में रहेगा।
