कांकेर में अतिक्रमण के खिलाफ यातायात विभाग और नगर पालिका की संयुक्त कार्रवाई, 200 से अधिक दुकानदारों को नोटिस
कांकेर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़कों पर आवागमन में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए यातायात विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। त्योहारों के मद्देनजर दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैलाने, होर्डिंग बोर्ड लगाने, घरों के सामने निर्माण सामग्री रखने और वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी करने के साथ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। अब तक 200 से अधिक दुकानदारों को नोटिस दिया जा चुका है, जिनमें से करीब 100 दुकानदारों ने नोटिस मिलने के बाद अपना सामान समेट लिया है और होर्डिंग बोर्ड भी हटा दिए हैं।
यातायात विभाग एवं नगर पालिका की टीम शहर में तीन दिवसीय संयुक्त कार्रवाई के तहत बचे हुए क्षेत्रों में भी अभियान चला रही है। इसके अंतर्गत पुराना बस स्टैंड से ज्ञानी चौक तक दुकानों के बाहर लगाए गए होर्डिंग बोर्ड और सड़क पर रखे सामान को हटाने के लिए समझाइश दी जा रही है। वहीं नया बस स्टैंड से ज्ञानी चौक की ओर भी दुकानदारों को नोटिस देते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। सड़क पर फैली निर्माण सामग्री और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतों के बाद शुरू हुई कार्रवाई
यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि कई दुकानदार त्योहारों के दौरान अपनी दुकानों को सजाने के लिए सड़क तक सामान रख रहे थे और होर्डिंग बोर्ड लगा रहे थे। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यातायात विभाग और नगर पालिका की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की।
उन्होंने बताया कि अब तक 200 से अधिक दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। इनमें से करीब 100 दुकानदारों ने नोटिस मिलने के बाद सड़क पर रखा सामान समेट लिया है और होर्डिंग बोर्ड हटा दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस के बावजूद यदि कोई दुकानदार दोबारा सड़क पर सामान रखकर आवागमन बाधित करता है, तो उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
रोजाना जारी रहेगा अभियान
यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए टीम नियमित रूप से भ्रमण करेगी। दुकानदारों को समझाइश देने के साथ नियमों का पालन नहीं करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि वे सड़क पर दुकान का सामान, होर्डिंग बोर्ड या अन्य सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
दंतेवाड़ा मंदिर पैदल और साइकिल से जाने वालों के लिए सहयोग स्थल
इधर, कांकेर पुलिस ने दंतेवाड़ा मंदिर की ओर पैदल और साइकिल से जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए केवीके चौक पर विश्राम एवं सहयोग स्थल बनाया है। इस पहल का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को विश्राम और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई इस पहल को भी पुलिस की जनसहयोगात्मक गतिविधि के रूप में देखा जा रहा है।

