प्रशासनिक ढांचे से चिकित्सा शिक्षा तक, सड़क और सिंचाई से पर्यटन की संभावनाओं तक, चार वर्षों में मजबूत हुई विकास की नींव

Follow Us

*नींव मजबूत हुई है, अब विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम परिवार तक पहुंचाना अगली बड़ी चुनौती है*

एमसीबी । किसी नए जिले की पहचान केवल उसके गठन की तारीख से नहीं बनती। उसकी पहचान तब आकार लेती है, जब प्रशासन जनता के करीब पहुंचता है, सड़कें दूरियों को कम करती हैं, अस्पताल भरोसा देते हैं, शिक्षा अवसर पैदा करती है और विकास की योजनाएं गांवों के जीवन में बदलाव का माध्यम बनती हैं। 9 सितम्बर 2022 को अस्तित्व में आया मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर यानी एमसीबी जिला आज अपने चौथे स्थापना दिवस पर इसी परिवर्तन की यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर खड़ा है।

चार वर्ष किसी जिले के इतिहास में लंबी अवधि नहीं होते, लेकिन एक नवगठित जिले के लिए यह संस्थागत आधार तैयार करने का महत्वपूर्ण समय होता है। इन चार वर्षों में एमसीबी ने अपनी अलग प्रशासनिक पहचान बनाने के साथ विकास की कई दिशाओं में कदम बढ़ाए हैं। प्रशासनिक अधोसंरचना, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, सड़क-पुल, पेयजल, सिंचाई, ग्रामीण विकास और पर्यटनक-इन क्षेत्रों में आगे बढ़ते काम जिले की संभावनाओं को नई दिशा दे रहे हैं।

कभी कोरिया जिले का हिस्सा रहे इस क्षेत्र को अलग जिला बनाने का मूल उद्देश्य था कि दूरस्थ वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच अधिक सहज और सुगम हो। आज इस उद्देश्य को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया दिखाई देती है। हालांकि यह यात्रा अभी पूरी नहीं हुई है। नए जिले के सामने उपलब्धियों को स्थायी परिणामों में बदलने और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी अब भी मौजूद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की विकासपरक सोच और जिला प्रशासन की सक्रियता के समन्वय से जिले में विभिन्न परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं।

चुनौती यह है कि इन परियोजनाओं का प्रभाव जिला मुख्यालय से आगे बढ़कर मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, खडग़वां और दूरस्थ वनांचल के गांवों तक समान रूप से पहुंचे। जिला प्रशासन के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार एमसीबी का क्षेत्रफल 4,226.83 वर्ग किलोमीटर, जनसंख्या 3,81,287, साक्षरता दर 70.04 प्रतिशत, तीन विकासखंड, छह तहसील, दो उपतहसील, 200 ग्राम पंचायत और 376 गांव हैं। इतना विस्तृत भूगोल और विविध सामाजिक संरचना विकास की संभावनाओं के साथ बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी भी लेकर आती है।

बस ऑनर फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के साथ परिवहन मंत्री केदार कश्यप की सार्थक चर्चा

नया जिला, मजबूत प्रशासन-स्थायी आधार की ओर बढ़ते कदम
नए जिले के गठन के बाद सबसे पहली आवश्यकता एक मजबूत प्रशासनिक ढांचा तैयार करने की थी। एमसीबी में इस दिशा में लगातार काम हुआ है। भरतपुर के जनकपुर क्षेत्र में अपर कलेक्टर और एसडीओपी कार्यालय की स्थापना दूरस्थ क्षेत्र के नागरिकों के लिए प्रशासनिक पहुंच को स्थानीय स्तर पर मजबूत करती है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता कम होगी और समय तथा संसाधनों की बचत होगी। मनेंद्रगढ़ में लगभग 18.75 करोड़ रुपये की लागत से नए एकीकृत जिला कार्यालय भवन की दिशा में कार्य आगे बढ़ रहा है। विभिन्न जिला स्तरीय कार्यालयों को एक परिसर में लाने की योजना प्रशासनिक समन्वय और नागरिक सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

चैनपुर में जिला पंचायत के नए भवन का भूमिपूजन भी इस संस्थागत विस्तार का हिस्सा है। लगभग 3 करोड़ 1 लाख 32 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित यह भवन ग्रामीण विकास से जुड़े प्रशासनिक कार्यों को आधुनिक आधारभूत सुविधा प्रदान करेगा। इन भवनों को केवल निर्माण परियोजनाओं के रूप में देखना इनके व्यापक महत्व को कम कर देगा। दरअसल, ये एक नए जिले की संस्थागत पहचान और प्रशासनिक स्थायित्व को मजबूत करने वाले आधार हैं।

 छत्तीसगढ़ के 14 जिलों को जोड़ने वाले रेल मार्गों पर पटरियां बढ़ाने की परियोजनाएं मंजूर

मेडिकल कॉलेज से खुला स्वास्थ्य और शिक्षा का नया अध्याय
एमसीबी की विकास यात्रा में स्वास्थ्य क्षेत्र का स्थान विशेष है। मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज का महत्व केवल स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलने तक सीमित नहीं है। भविष्य में इससे विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों का दायरा बढ़ सकता है। इसके साथ 220 बिस्तर के आधुनिक अस्पताल के लिए लगभग 35.36 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

एमसीबी की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार विशेष महत्व रखता है। दूरस्थ वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर उपचार के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, यही स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार की सबसे बड़ी कसौटी होगी। इसी दृष्टि से स्वास्थ्य सेवाओं को अस्पतालों से आगे गांव और घर तक पहुंचाने के प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं। ‘सक्षम एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026Ó जैसी पहल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को व्यापक बनाने की सोच को सामने रखती है।

देवपुर निवासी शशिकांत से दूरभाष पर की बातचीत, बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा

सड़कें बनें तो कम हों दूरियां, मजबूत हो अर्थव्यवस्था
एमसीबी का पहाड़ी और वनांचल भूगोल सड़क निर्माण को चुनौतीपूर्ण बनाता है। इसलिए सड़क और पुल केवल अधोसंरचना की परियोजनाएं नहीं, बल्कि जिले के सामाजिक और आर्थिक एकीकरण की जरूरत हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 100 से अधिक सड़कों पर कार्य जारी है। अनेक सड़कें पूरी हो चुकी हैं और कई निर्माणाधीन हैं। बेहतर सड़क संपर्क से गांवों की पहुंच बाजार, स्कूल, अस्पताल और प्रशासनिक केंद्रों तक आसान होती है। साजा पहाड़ सड़क के चौड़ीकरण एवं उन्नयन तथा हसदेव नदी सहित विभिन्न स्थानों पर पुल-पुलिया परियोजनाएं कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

किसी सड़क की सफलता केवल उसकी लंबाई से नहीं मापी जानी चाहिए। असली सवाल यह है कि उसने गांव के जीवन को कितना बदला। किसान की उपज बाजार तक कितनी आसानी से पहुंची, विद्यार्थी की यात्रा कितनी सुगम हुई, मरीज कितनी जल्दी अस्पताल पहुंचा और युवाओं की रोजगार तक पहुंच कितनी बेहतर हुई इन्हीं सवालों में सड़क विकास की वास्तविक उपयोगिता छिपी है।

बिस्तर में छिपा था जहरीला सांप,डसने से 10 साल के बच्चे की मौत

गांवों में बुनियादी सुविधाएं, आजीविका में नई संभावनाएं
जिले के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकास का महत्वपूर्ण आधार है। डीएमएफ निधि से सोलर ड्यूल पंप, सीसी रोड और ग्रामीण संपर्क मार्ग जैसी सुविधाओं का विकास इसी दिशा में हो रहा है। सौर ऊर्जा आधारित पेयजल व्यवस्था उन क्षेत्रों में विशेष उपयोगी हो सकती है, जहां बिजली की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण रही है। वहीं सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। हसदेव नदी और अन्य जल स्रोतों के बेहतर उपयोग तथा दाब युक्त उद्वहन सिंचाई जैसी योजनाएं कृषि क्षेत्र के लिए नई संभावनाएं पैदा कर सकती हैं।

लेकिन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का रास्ता केवल कृषि से होकर नहीं जाता। मत्स्य पालन, पशुपालन, लघु वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोडऩा होगा। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इन गतिविधियों से जोड़कर आजीविका के स्थायी अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

प्राकृतिक संपदा को पर्यटन और रोजगार से जोडऩे की जरूरत
एमसीबी की सबसे बड़ी संभावनाओं में उसका प्राकृतिक और सांस्कृतिक वैभव भी शामिल है। अमृतधारा जलप्रपात, रामदहा जलप्रपात, सीतामढ़ी हरचौका और मरीन फॉसिल पार्क जैसे स्थल जिले को पर्यटन के मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने की क्षमता रखते हैं। सीतामढ़ी हरचौका की धार्मिक-सांस्कृतिक मान्यता और मरीन फॉसिल पार्क का वैज्ञानिक महत्व इसे विविध पर्यटन संभावनाओं वाला क्षेत्र बनाता है। पर्यटन विकास के लिए केवल स्थल तक पहुंच बनाना पर्याप्त नहीं होगा। सड़क, पार्किंग, स्वच्छता, सुरक्षा, सूचना केंद्र और ठहरने की सुविधाओं के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी जरूरी होगी।
स्थानीय युवा गाइड बनें, परिवार होम-स्टे संचालित करें, महिलाएं स्थानीय व्यंजन और उत्पाद उपलब्ध कराएं तथा स्थानीय हस्तशिल्प एवं वनोपज को बाजार मिले तो पर्यटन सीधे ग्रामीण आय से जुड़ सकता है। एमसीबी के लिए पर्यटन मनोरंजन का क्षेत्र भर नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का संभावित नया आधार है।

चिरमिरी की श्रमिक विरासत और वनांचल की सांस्कृतिक पहचान
एमसीबी की पहचान उसके वर्तमान विकास के साथ उसके इतिहास और संस्कृति से भी बनती है। चिरमिरी की कोयला खदानों और श्रमिक संस्कृति की अपनी विशिष्ट विरासत है। दूसरी ओर भरतपुर और आसपास का वनांचल आदिवासी जीवन, प्रकृति और लोक संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को संजोए हुए है। विकास की गति के बीच इस विरासत को सुरक्षित रखना भी जरूरी है। आधुनिक अधोसंरचना के साथ प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय संस्कृति का संरक्षण हो, यही संतुलित विकास की पहचान होगी। मनेंद्रगढ़, चिरमिरी और भरतपुर को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के एकीकृत नेटवर्क से जोडऩा जिले के भविष्य की दिशा को और मजबूत कर सकता है।

चार साल बाद उपलब्धियों से आगे परिणाम की चुनौती
एमसीबी की चार वर्ष की यात्रा में कई महत्वपूर्ण आधार तैयार हुए हैं। प्रशासनिक भवन आकार ले रहे हैं, मेडिकल कॉलेज से चिकित्सा शिक्षा का नया अध्याय शुरू हुआ है, आधुनिक अस्पताल की स्वीकृति मिली है, सड़क और पुल परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और पर्यटन की संभावनाओं को पहचान मिल रही है। लेकिन अब विकास की अगली कसौटी अलग है। परियोजना स्वीकृत होना शुरुआत है, उसका समय पर और गुणवत्तापूर्ण पूरा होना उपलब्धि है; और उसका लाभ आम नागरिक तक पहुंचना विकास की वास्तविक सफलता।

यही कारण है कि एमसीबी के अगले चार वर्ष वर्तमान चार वर्षों से अधिक महत्वपूर्ण होंगे। अब ध्यान केवल नई परियोजनाएं शुरू करने पर नहीं, बल्कि चल रही परियोजनाओं को परिणाम में बदलने पर होना चाहिए। मेडिकल कॉलेज की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, अस्पताल का समयबद्ध निर्माण, सड़कों की गुणवत्ता और स्थायित्व, सिंचाई का खेत तक पहुंचना, पर्यटन से स्थानीय रोजगार का सृजन और प्रशासनिक सेवाओं का अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना आने वाले समय की प्रमुख कसौटियां होंगी।

एमसीबी के भविष्य की असली ताकत उसकी संभावनाएं हैं
चार वर्षों में एमसीबी ने नए जिले के रूप में अपनी बुनियादी पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। लेकिन इसकी सबसे बड़ी ताकत केवल निर्माणाधीन परियोजनाओं में नहीं, बल्कि उन संभावनाओं में है जो इसकी धरती, प्रकृति और लोगों में मौजूद हैं। यहां प्राकृतिक संपदा है, वन क्षेत्र है, कृषि की संभावना है, पर्यटन स्थल हैं, युवा शक्ति है और स्थानीय कौशल की समृद्ध परंपरा है।

जरूरत इन सभी को एक साझा विकास दृष्टि से जोडऩे की है। यदि शिक्षा और कौशल को रोजगार से, सड़क को बाजार से, सिंचाई को कृषि आय से, पर्यटन को स्थानीय उद्यमिता से और प्राकृतिक संसाधनों को सतत आजीविका से जोड़ा जाए, तो एमसीबी आने वाले वर्षों में ग्रामीण आधारित विकास का एक मजबूत उदाहरण बन सकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की नीतियां, जिला प्रशासन की सक्रियता और जनप्रतिनिधियों का सहयोग इस यात्रा के महत्वपूर्ण पक्ष हैं। लेकिन विकास को स्थायी और जन-केंद्रित बनाने के लिए जनता की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है।

चार साल की नींव, आने वाले कल की उम्मीद
चार वर्ष पहले अस्तित्व में आया एमसीबी आज अपनी पहचान के शुरुआती दौर से आगे बढ़ चुका है। अब उसके सामने केवल नया जिला होने का प्रश्न नहीं, बल्कि बेहतर जिला बनने की चुनौती है। बेहतर जिला वह होगा जहां प्रशासन सुलभ हो, स्वास्थ्य भरोसेमंद हो, शिक्षा अवसर दे, सड़कें दूरियां घटाएं, किसान समृद्ध हों, महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हों, युवाओं को रोजगार मिले और पर्यटन से स्थानीय परिवारों की आय बढ़े। विकास की वास्तविक तस्वीर तब पूरी होगी, जब जिला मुख्यालय में दिखाई देने वाला बदलाव गांव की चौपाल, किसान के खेत, विद्यार्थी के स्कूल, मरीज के अस्पताल और परिवार के रोजमर्रा के जीवन तक पहुंचे।

एमसीबी की चार वर्ष की यात्रा इसी दिशा में बढ़ते एक नए जिले की कहानी है। नींव मजबूत हो चुकी है, अब उस पर विकास की ऐसी इमारत खड़ी करने का समय है, जिसमें हर गांव की हिस्सेदारी हो और हर परिवार को आगे बढऩे का अवसर मिले। स्थापना दिवस पर एमसीबी के लिए इससे बेहतर शुभकामना शायद कोई नहीं हो सकती कि आने वाले वर्षों में यह जिला अपनी प्राकृतिक संपदा, मानव संसाधन, संस्कृति और विकास की संभावनाओं को एक साथ लेकर सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए।