राजधानी में महिला अधिकारी बनकर 1.88 करोड़ के गहनों की ठगी, फर्जी अफसर गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। प्रदेश में रायपुर नगर निगम की अधिकारी बताकर राजधानी के सदर बाजार स्थित विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन दुकान से 1,88,37,630 रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण ठगने के मामले में पुलिस ने मुख्य महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई आरोपी की पहचान मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला निवासी 28 वर्षीय किरण साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है, जबकि वारदात में शामिल उसकी दूसरी महिला साथी की तलाश जारी है।

फर्जी चेक देकर जीता भरोसा:
भाठागांव निवासी सर्राफा कारोबारी रिखब बरडिया ने कोतवाली थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित कारोबारी के अनुसार, 24 अगस्त को किरण साहू एक अन्य महिला साथी के साथ उनकी दुकान पर पहुंची। दोनों महिलाओं ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर कारोबारी का भरोसा जीत लिया। उन्होंने पहली बार में लगभग 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले उन्होंने 250 ग्राम सोने का बिस्किट और सात लाख रुपये नकद दिए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए एक चेक दे दिया।

रायपुर में मुख्यमंत्री निवास के बाहर हंगामा, तोड़फोड़ करने वाला आरोपी हिरासत में

करोड़ों के गहने लेकर फरार:
इसके बाद 26 अगस्त को दोनों महिलाएं दोबारा दुकान पर पहुंचीं। इस बार उन्होंने करीब 1.73 करोड़ रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण पसंद किए और अपने साथ ले गईं। इस बड़ी खरीदारी के भुगतान के लिए उन्होंने 1,73,37,630 रुपये का चेक दिया। दोनों ने दो से तीन दिन के भीतर बकाया रकम के बदले सोने के बिस्किट देने का भरोसा भी दिलाया था।

चेक बाउंस होने पर हुआ खुलासा:
कारोबारी ने जब एक सितंबर को 15 लाख रुपये का पहला चेक बैंक में जमा कराया, तो गलत हस्ताक्षर होने के कारण वह अनादरित होकर लौट आया। इसके बाद जब पीड़ित ने किरण से संपर्क किया तो वह टालमटोल करने लगी। आरोपी ने न तो बकाया राशि का भुगतान किया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया। कुल 1,88,37,630 रुपये के गहने ले जाकर धोखाधड़ी करने की बात सामने आई।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मैराथन धावक सुरेश साहु एवं मानद डाक्टरेट उपाधि प्राप्त डॉ. ईश्वर लाल साहु को किया सम्मानित

पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने संदेही किरण साहू से पूछताछ की तो उसने अपनी साथी के साथ मिलकर धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से आभूषणों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है तथा फरार महिला की तलाश जारी है।