आस्था के घाट बदहाल, प्रशासन की नींद बरकरार! तीन साल से सफाई नदारद – वोरा ने प्रशासन को दिखाया आईना

Follow Us

दुर्ग। शहर के पोटिया वार्ड क्रमांक 54 स्थित शीतला तालाब एवं डबरापारा तालाब की बदहाल स्थिति और पिछले तीन वर्षों से साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने दोनों तालाबों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने तालाबों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और त्योहारों से पहले तत्काल सफाई कराने की मांग की।अरुण वोरा ने कहा कि गौरा-गौरी विसर्जन का पर्व सामने है और शीघ्र ही छठ महापर्व भी मनाया जाना है। ऐसे में तालाबों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि दुर्ग की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं में तालाबों का विशेष स्थान है। गौरा-गौरी विसर्जन से लेकर छठ पूजा तक, इन जलाशयों से हजारों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों पर गंदगी और अव्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए मजबूर होना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।विडंबना है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखने वाले इन तालाबों की पिछले तीन वर्षों से सुध तक नहीं ली गई।तालाबों की स्वच्छता केवल त्योहारों तक सीमित रहने वाला काम नहीं, बल्कि पूरे वर्ष नियमित रूप से निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।

अरुण वोरा ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की कि गौरा-गौरी विसर्जन एवं छठ पूजा से पहले शीतला तालाब और डबरापारा तालाब की युद्धस्तर पर साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित न हो, इसके लिए दोनों तालाबों के नियमित रखरखाव और सफाई की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान भोजराम यादव, विजय साहू, खुमान साहू एवं शिव साहू सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।