सांप ने काटा तो गले में लपेट लिया, 14 KM बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा युवक; वीडियो वायरल

Follow Us

कांकेर। पखांजूर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक गले में जिंदा सांप लपेटकर बाइक चलाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू के दौरान सांप ने युवक को काट लिया था। इसके बाद युवक सांप को गले में ही डालकर करीब 14 किलोमीटर तक बाइक चलाते हुए अस्पताल पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक, युवक का मानना था कि सांप को साथ ले जाने से डॉक्टर उसकी पहचान कर सकेंगे और उसी के आधार पर उपचार किया जा सकेगा। हालांकि, सांप को गले में डालकर बाइक से अस्पताल जाना बेहद जोखिम भरा कदम था।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बाइक चलाते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि सांप उसके गले में लिपटा हुआ है। यह दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए।

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने युवक का उपचार शुरू किया। सांप की पहचान होने से इलाज में मदद मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार सांप के काटने की स्थिति में सांप को पकड़कर या शरीर के पास रखकर अस्पताल ले जाना खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना ही सबसे जरूरी है।