भिलाईनगर । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कथित फर्जी एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। यह कार्रवाई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, भिलाई-चरोदा की ओर से की गई शिकायत के आधार पर की गई है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भिलाई-चरोदा के अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा ने थाना प्रभारी पुरानी भिलाई को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक समाचार पोर्टल के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संबंधित कथित रूप से फर्जी और भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित सामग्री के जरिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

शिकायत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई उस पोस्ट का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उनके नाम से प्रसारित की जा रही खबर फर्जी फोटोशॉप और भ्रामक तथ्यों पर आधारित है। उन्होंने यह भी कहा था कि वायरल किए गए चैट बॉक्स में संबंधित यूजरनेम के साथ किसी प्रकार का संदेश आदान-प्रदान नहीं हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने शिकायत में मांग की है कि फर्जी सामग्री तैयार करने, उसे प्रसारित करने और उसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि बिना तथ्यात्मक सत्यापन के उक्त सामग्री को प्रसारित करने के पीछे किसका उद्देश्य और भूमिका रही।
शिकायत में कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित व्यक्तियों के नामों का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। कांग्रेस का आरोप है कि यह पूरा मामला एक वरिष्ठ राजनीतिक व्यक्ति की छवि खराब करने की सुनियोजित कोशिश हो सकता है।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस समिति भिलाई चरोदा के अध्यक्ष की शिकायत पर से आवेदन में दर्ज दो नामजद आरोपियों के खिलाफ पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री, उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
