5 विभागों में फर्जी नियुक्ति पत्र से हड़कंप, डिजिटल सिग्नेचर के दुरुपयोग ने बढ़ाई चिंता

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से 5 विभागों में भर्ती के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद मंत्रालय में हड़कंप मच गया है। इस फर्जी आदेश में सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग किए जाने की बात सामने आई है, जिससे ऑनलाइन प्रशासनिक सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और स्कूल शिक्षा विभाग की भर्ती प्रक्रिया के बीच 5 मार्च 2026 की तारीख वाला कथित नियुक्ति अनुशंसा पत्र प्रसारित किया गया। यह फर्जी पत्र कुछ अभ्यर्थियों तक भी पहुंचा, जिससे भ्रम और चिंता की स्थिति बन गई।

मामले की शिकायत अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल ने दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षरों के गलत इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। फर्जी आदेश में चरित्र सत्यापन, विभागीय प्रशिक्षण और परीक्षा उत्तीर्ण करने की प्रत्याशा में नियुक्ति की अनुशंसा का उल्लेख किया गया था, जिससे इसे असली आदेश की तरह पेश करने की कोशिश की गई। मामले के सामने आने के बाद मंत्रालय में सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा शुरू हो गई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि, कहीं किसी अंदरूनी कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है। साइबर और दस्तावेज सत्यापन के जरिए पूरे फर्जीवाड़े की परतें खोली जा रही हैं।