जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार देर रात सनसनीखेज फायरिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। बिर्रा थाना क्षेत्र के करहि गांव में नकाबपोश बदमाश कारोबारी के घर में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक देर रात तीन हमलावर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए और सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे। हमलावरों ने आयुष पर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छोटे भाई को भी गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुरुआत में मामले को लूट से जोड़कर देखा गया, लेकिन परिजनों ने इसे कारोबारी रंजिश से जुड़ा हमला बताया है। मृतक के परिवार का रेत कारोबार और स्थानीय राजनीति से जुड़ाव भी जांच का हिस्सा बना हुआ है घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले सुराग, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। पुलिस का कहना है कि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।

