पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को बंग समाज के बंद के आह्वान का असर सुबह से ही कापसी, पखांजूर और बांदे क्षेत्र में देखने को मिला। अधिकांश दुकानें बंद रहीं और इलाके में जनजीवन प्रभावित नजर आया। बंद को सर्वसमाज का समर्थन मिलने से आंदोलन को और मजबूती मिली है। विरोध की वजह हाल ही में नया पारा में हुई प्रशासनिक कार्रवाई है, जहां 6 घरों पर बुलडोजर चलाया गया था।
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि, प्रशासन ने बिना पर्याप्त संवाद के कार्रवाई की, जिससे प्रभावित परिवारों में असंतोष है। आज बंग समाज के नेतृत्व में SDM कार्यालय घेराव की तैयारी की गई है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और हालात पर नजर रखी जा रही है। परलकोट इलाके में इस मुद्दे को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। स्थानीय संगठनों और सामाजिक समूहों के समर्थन से विरोध आंदोलन व्यापक रूप लेता दिख रहा है। बंद और प्रदर्शन के चलते व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, जबकि आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सबकी नजर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच संभावित बातचीत पर टिकी है।
