नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने टाटा समूह को आपराधिक तरीके से बर्बाद किये जाने का आरोप लगाते हुए देश के कारोबारियों से सवाल किया है कि वे कब तक चुप रहेंगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय कारोबार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की निजी जागीर नहीं है तथा इस तरह के कामों के लिए न्याय सुनिश्चित किया जायेगा। गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि टाटा समूह को बर्बाद किया जा रहा है और कोई भी कारोबारी नेता इस पर बोलने की हिम्मत नहीं कर रहा है।
उन्होंने उद्योगपतियों से पूछा कि क्या वे तब तब तक चुप रहेंगे जब तक सरकार उनके कारोबार पर नियंत्रण नहीं कर लेती। गांधी ने आरोप लगाया कि टाटा समूह को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और प्रधानमंत्री मोदी तथा गृह मंत्री शाह के डर से देश के कारोबारी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं लेकिन वह न्याय सुनिश्चित करेंगे। गौरतलब है कि टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में इन दिनों नेतृत्व और शेयर बाजार में सूचीबद्धता को लेकर विवाद चल रहा है।
