मुंबई। बॉलीवुड के सीरियल किसर कहे जाने वाले इमरान हाशमी एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार शिवम पंडित के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह फिल्म साल 2007 में रिलीज हुई आवारापन का सीक्वल है। फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें पहली किस्त के मशहूर दर्दभरे गाने ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। करीब 19 साल बाद यह गाना फिर से दर्शकों के बीच लौटने वाला है। मेकर्स ने गाने की झलक जारी कर दी है, जिसने पुराने फैंस की यादें ताजा कर दी हैं।
इस बार गाने के लिए गीतकार सईद कादरी और संगीतकार मिथुन एक बार फिर साथ आए हैं। उम्मीद है कि यह नया वर्जन भी प्यार, दर्द और अधूरी मोहब्बत की वही भावनाएं दोहराएगा, जिसने पहले भाग को खास बनाया था। ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है और यह 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के साथ-साथ इसके संगीत को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

