रांची। झाड़खंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भूख हड़ताल पर बैठे जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अपील के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया।
देवेंद्र महतो पिछले कई दिनों से अन्न-जल त्यागकर परीक्षा व्यवस्था में सुधार और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। उनकी मांग थी कि सोनम वांगचुक खुद रांची आकर आंदोलन का समर्थन करें। इसके बाद वांगचुक ने उनसे फोन पर बातचीत की और महात्मा गांधी के सत्याग्रह का उदाहरण देते हुए समझाया कि आंदोलन का उद्देश्य खुद को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि अपनी बात प्रभावी तरीके से रखना होता है।
सोनम वांगचुक ने देवेंद्र से स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पानी और जरूरी चीजें लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने रांची आकर आंदोलनकारियों से मिलने का भरोसा भी दिया। इसके बाद देवेंद्र महतो ने पानी ग्रहण कर भूख हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया। यह आंदोलन जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहा है। बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी पारदर्शी जांच और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वांगचुक के समर्थन से आंदोलनकारियों का मनोबल बढ़ा है।
