करोड़ों की सड़क या भ्रष्टाचार की परत? बनने के कुछ दिनों बाद ही हाथों से उखड़ने लगी सड़क, वीडियो ने खोली पोल

Follow Us

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी ब्लॉक में करोड़ों रुपए की लागत से बनी सड़क अब भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर गई है। ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद उखड़ने लगी है। हालत यह है कि, सड़क की डामर परत हाथ लगाने भर से निकल रही है। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया। ग्रामीणों का आरोप है कि, सड़क निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई और गुणवत्ता मानकों को नजरअंदाज किया गया।

लोगों का कहना है कि, सड़क में मुरूम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण डामर टिक नहीं पा रहा है। सड़क पूरी तरह तैयार होने से पहले ही जगह-जगह गिट्टियां बाहर आने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि, सड़क निर्माण का ठेका पीडब्ल्यूडी की ओर से ठेकेदार अतुल शुक्ला को दिया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति देखकर नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मामले की तकनीकी जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।