गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में कोटवार नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। देवभोग तहसील के खुटगांव ग्राम पंचायत में नई नियुक्ति के विरोध में 100 से अधिक ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंच गए और नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसीलदार ने नियमों की अनदेखी करते हुए एक अपात्र महिला को कोटवार नियुक्त कर दिया। उनका कहना है कि पूर्व कोटवार गुलाब बघेल के निधन के बाद उसी परिवार के पात्र सदस्य को नियुक्त किया जाना चाहिए था। ग्राम सभा में भी उत्तराधिकारी का नाम प्रस्तावित किया गया था, लेकिन उसके बजाय दूसरे परिवार की महिला को नियुक्त कर दिया गया।
मामले को लेकर ग्राम सरपंच ने कमिश्नर कार्यालय और अदालत का दरवाजा खटखटाने की बात कही है। वहीं तहसीलदार का कहना है कि नियुक्ति प्रक्रिया निर्धारित नियमों और प्रदत्त अधिकारों के तहत विधिवत की गई है।

