जम्मू-कश्मीर में कुदरत का कहर: डोडा में बादल फटने से तबाही, NH-244 पर थमा यातायात

Follow Us

डोडा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने की घटना ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। थाथरी और भलेसा इलाकों में अचानक आई बाढ़ के बाद सड़कों पर मलबा, पत्थर और कीचड़ जमा हो गया, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है। रविवार रात हुई इस घटना में कई घरों और वाहनों को नुकसान पहुंचने की खबर है। बादल फटने के बाद आई बाढ़ का सबसे ज्यादा असर थाथरी बाजार और आसपास के इलाकों में देखने को मिला। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं।

भूस्खलन और मलबा गिरने के कारण बटोटे-डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-244) को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा होने से दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रुक गई है। अधिकारियों की टीम सड़क को साफ करने और यातायात बहाल करने में जुटी है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।