चाकू से गोदकर उपसरपंच की हत्या, बाइक सवार चार बदमाशों ने लूट के विरोध पर वारदात को दिया अंजाम

Follow Us

दुर्ग में सनसनीखेज वारदात, मोबाइल और ₹4 हजार नकद लेकर फरार हुए आरोपी; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

दुर्ग। जिले के ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना रविवार देर रात करगीडीह से चिखली चौक के बीच हुई, जब प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से वापस गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे लूट के विरोध में की गई हत्या मानकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रास्ते में बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनका मोबाइल फोन और नकदी छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान मृतक के साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह वहां से बचकर निकला और पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तूमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।