बांग्लादेश में डेंगू का कहर तेज: 59 मौतों से मचा हड़कंप, 18 हजार के करीब पहुंचे मामले

Follow Us

ढाका। बांग्लादेश में डेंगू का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस साल अब तक करीब 17,880 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि बीमारी से 59 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य महानिदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी ढाका और आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ढाका डिवीजन में कुल 6,871 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 4,404 मामले अकेले शहर से सामने आए। इसके बाद बारिशाल में 3,647, चटगांव में 3,082 और खुलना में 2,272 मरीज मिले हैं। मौतों के मामले में भी ढाका सबसे आगे है। इसके बाद खुलना, चटगांव और मैमनसिंह प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, घनी आबादी, गर्म मौसम और जगह-जगह जमा पानी एडीज मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल माहौल बना रहे हैं। यही मच्छर डेंगू वायरस फैलाता है। जूलॉजी विशेषज्ञों ने चेताया है कि, मच्छर नियंत्रण अभियान अक्सर संक्रमण बढ़ने के बाद तेज किए जाते हैं। उनका कहना है कि, डेंगू का असर कम रहने के दौरान ही प्रजनन स्थलों को खत्म करने पर ज्यादा प्रभावी परिणाम मिल सकते हैं। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि, अगस्त और सितंबर में डेंगू के मामले और बढ़ सकते हैं। उन्होंने देशभर में समन्वित और वैज्ञानिक मच्छर नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई है।