दिल्ली विश्वविद्यालय ने यूजी परीक्षा की नई डेटशीट की जारी, अब रविवार को भी होंगी परीक्षाएं

Follow Us

दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अंडरग्रेजुएट परीक्षाओं का संशोधित फाइनल शेड्यूल जारी कर दिया गया है। नई डेटशीट के अनुसार कुछ परीक्षाएं अब रविवार को भी आयोजित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम को लेकर छात्रों की ओर से लगातार भ्रम और शिकायतें सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने यह बदलाव किया है। आपको बता दें की दिल्ली यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक गुरप्रीत सिंह टूटेजा ने बताया कि संशोधित शेड्यूल का मुख्य उद्देश्य छठे और आठवें सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षाएं जल्दी समाप्त कराना है। उन्होंने कहा कि कई छात्रों को अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं, इंटरव्यू और नौकरी के अवसरों में शामिल होना पड़ता है, इसलिए परीक्षा तिथियों में बदलाव जरूरी था। वहीं एनईपी 2020 के तहत शुरू किए गए चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के बाद यह पहला मौका है जब विश्वविद्यालय आठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित करेगा। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी में केवल छह सेमेस्टर तक की पढ़ाई होती थी।

वहीं विश्वविद्यालय के अनुसार पहले परीक्षा कार्यक्रम 16 मई से शुरू होकर 19 जून तक चलने वाला था। अब संशोधित शेड्यूल में छठे और आठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 मई से अगले 14 दिनों तक एक दिन छोड़कर आयोजित की जाएंगी। इसी वजह से कुछ परीक्षाएं रविवार को भी होंगी। इसके बाद दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं अगले 14 दिनों तक चलेंगी। विश्वविद्यालय ने बताया कि सभी सम सेमेस्टर परीक्षाएं 14 जून तक पूरी कर ली जाएंगी।विश्वविद्यालय अधिकारियों के मुताबिक नया शेड्यूल उन छात्रों को ध्यान में रखकर भी तैयार किया गया है, जिनके छठे या आठवें सेमेस्टर में बैकलॉग पेपर हैं। इससे वे अपनी बाकी परीक्षाओं को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि डेटशीट में बदलाव केवल एनईपी 2020 के तहत पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए किया गया है। सीबीसीएस और एलओसीएफ सिस्टम के तहत परीक्षा देने वाले छात्रों की डेटशीट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।