दिल्ली विधानसभा सुरक्षा उल्लंघन मामला: सात महीने बाद सरबजीत सिंह को जमानत, कोर्ट ने मेडिकल स्थिति और हिरासत को माना अहम आधार

Follow Us

दिल्ली । दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर परिसर में कार घुसाने के आरोपी सरबजीत सिंह को नियमित जमानत दे दी है। अदालत ने आरोपी की मेडिकल स्थिति और अप्रैल 2026 से लगातार हिरासत में रहने की अवधि को राहत देने के प्रमुख आधार माना। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि आरोपी बाइपोलर अफेक्टिव डिसऑर्डर से पीड़ित है और मामले की जांच भी पूरी हो चुकी है।एडिशनल सेशन जज अंकुर जैन ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 2 नवंबर को जमानत का आदेश पारित किया। अदालत ने आरोपी को 50 हजार रुपये के बेल बॉन्ड और इतनी ही राशि की दो जमानतें पेश करने की शर्त पर नियमित जमानत दी है।

बाइपोलर डिसऑर्डर को कोर्ट ने माना अहम आधार
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने सरबजीत सिंह की स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष ध्यान दिया। कोर्ट ने पाया कि आरोपी बाइपोलर अफेक्टिव डिसऑर्डर से पीड़ित है और इस बीमारी के इलाज के लिए दवाइयां ले रहा था।अदालत ने कहा कि आरोपी पर लगे आरोप गंभीर हैं, लेकिन केवल अपराध की गंभीरता के आधार पर जमानत से इनकार नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने यह भी माना कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

लगातार हिरासत को लेकर अनुच्छेद 21 का हवाला
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी के अनुसार, वह अपने भतीजे को खोजने में पुलिस की निष्क्रियता से नाराज था। उसने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए जो तरीका अपनाया, वह गलत था और इससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई।हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस आधार पर आरोपी को लगातार हिरासत में रखना उचित नहीं होगा। अदालत के मुताबिक, उसे लगातार जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन हो सकता है।

6 अप्रैल को विधानसभा परिसर में कार लेकर घुसा था आरोपी
अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, सरबजीत सिंह को 6 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर-2 पर तेज रफ्तार से कार टकराई और सुरक्षा व्यवस्था तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश कर लिया।शिकायतकर्ता जय प्रकाश के मुताबिक, घटना के दिन दोपहर करीब 2:10 बजे उनकी ड्यूटी गेट नंबर-2 पर थी। इसी दौरान एक सफेद कार तेज रफ्तार से गेट की ओर आती दिखाई दी। उन्होंने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और गेट से टकराते हुए परिसर में घुस गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि चालक ने कार उनकी तरफ इस तरह बढ़ाई, जैसे वह उन्हें कुचलने की कोशिश कर रहा हो। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

वकील ने कहा- भतीजे की तलाश में था आरोपी
आरोपी की ओर से पेश एडवोकेट अंशु शुक्ला ने अदालत में दलील दी कि सरबजीत सिंह बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित है और उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने बताया कि आरोपी का भतीजा दिल्ली से लापता हो गया था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट हरि नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। वकील के अनुसार, आरोपी अपने भतीजे की तलाश कर रहा था। इसी दौरान भ्रम की स्थिति में वह दिल्ली विधानसभा परिसर में पहुंच गया और उसे लगा कि वह किसी गुरुद्वारे में आ गया है।

सरकारी वकील ने जमानत का किया था विरोध
वहीं, एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर अतुल श्रीवास्तव ने जमानत याचिका का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज (IHBAS) के निदेशक की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी मुकदमे का सामना करने में सक्षम है। सरकारी वकील ने यह भी दलील दी कि आरोपी किसी भ्रम की स्थिति में नहीं था। उन्होंने गवाहों के बयानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा से निकलने के बाद आरोपी संसद भवन जाकर उसे उड़ाने की योजना बना रहा था।

मेडिकल स्थिति और जांच पूरी होने पर मिली राहत
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद तीस हजारी कोर्ट ने आरोपी की मेडिकल स्थिति, सात महीने से अधिक की हिरासत और जांच पूरी होने जैसे पहलुओं पर विचार किया। इसके बाद अदालत ने उसे नियमित जमानत देने का आदेश दिया। हालांकि, जमानत मिलने से आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में मुकदमा समाप्त नहीं हुआ है और आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी।