कोरबा में रेलवे ट्रैक के पास बैग में मिला सड़ा-गला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में एक बैग के अंदर सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब है कि फिलहाल मृतक की पहचान और लिंग का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर हत्या के बाद शव को बैग में भरकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही हो सकेगा।

बैग से आ रही थी तेज बदबू, लोगों ने पुलिस को दी सूचना:
जानकारी के अनुसार, बुधवार को जैन मंदिर के पीछे बसी बस्ती के लोगों ने रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में एक संदिग्ध बैग पड़ा देखा। बैग से तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो उसके अंदर सड़ी-गली लाश दिखाई दी। इसके बाद तत्काल सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

सड़क किनारे बोर्ड पर लटका मिला युवक: रायगढ़ पुलिस जुटी जांच में

10 से 15 दिन पुराना होने की आशंका:
पुलिस के मुताबिक, शव करीब 10 से 15 दिन पुराना होने की आशंका है। लंबे समय तक पड़े रहने के कारण शव बुरी तरह सड़ चुका है और उसमें कीड़े भी लग गए हैं। इसी वजह से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव पुरुष का है या महिला का। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा शव से जुड़ी अहम जानकारियों का पता चल सकेगा।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस:
प्रारंभिक आशंका है कि किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को बैग में भरकर रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, बस्ती के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास को मिलेगी रफ्तार: चित्रकोट समेत प्रमुख जगहों पर बनेंगे 15 मिनी सर्किट हाउस

शव की पहचान के प्रयास जारी:
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव की पहचान कराने के साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक कौन है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।