कवर्धा में हथियार लहराकर लोगों को धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

Follow Us

कवर्धा। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने और जान से मारने की धमकी देने के दो अलग-अलग मामलों में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के अनुसार, पहली कार्रवाई पीजी कॉलेज ग्राउंड में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लोहे का फरसा लेकर लोगों से गाली-गलौज कर रहा है और उन्हें धमका रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कवर्धा निवासी हाफिस खान (24), पिता याकूब खान को पकड़ लिया। उसके कब्जे से मुठ सहित करीब 18.5 इंच लंबा लोहे का फरसा जब्त किया गया।

दूसरी कार्रवाई पुराने बस स्टैंड स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कॉम्प्लेक्स के पास हुई। यहां एक युवक धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने और जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रानू पटेल (22), पिता रामकुमार पटेल को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 11 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।