०राजभाषा दिवस पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, मातृभाषा के संरक्षण और दैनिक व्यवहार, शिक्षा एवं साहित्य में अधिक उपयोग करने का किया आह्वान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है। इसमें छत्तीसगढ़ की माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और यहां के लोगों की आत्मीयता समाहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और पारंपरिक आयोजनों में छत्तीसगढ़ी की मिठास और आत्मीयता दिखाई देती है। यह भाषा पीढिय़ों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए हमें अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।
उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में होती है। मातृभाषा के प्रति गर्व की भावना के साथ इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक स्थान देना जरूरी है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ी भाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने तथा इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजभाषा दिवस पर सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढिय़ों तक सुरक्षित बनी रहे।
