क्रिप्टो बनाम बैंक की जंग तेज: स्टेबलकॉइन यील्ड को लेकर छिड़ा बड़ा विवाद, अमेरिका में नए कानून को मिली रफ्तार

Follow Us

अमेरिका में क्रिप्टो उद्योग और पारंपरिक बैंकिंग सिस्टम के बीच टकराव एक बार फिर चर्चा में है। यह विवाद खासकर स्टेबलकॉइन यील्ड यानी डिजिटल एसेट्स पर मिलने वाले इनाम को लेकर गहराया है। क्रिप्टो एक्सचेंज Coinbase का कहना है कि इस मुद्दे पर अब एक अहम सहमति बन गई है, जिससे लंबे समय से अटका हुआ क्रिप्टो कानून आगे बढ़ सकता है।
बैंकों का तर्क है कि अगर क्रिप्टो प्लेटफॉर्म ग्राहकों को स्टेबलकॉइन रखने पर इनाम देंगे, तो लोग पारंपरिक बैंकों से पैसा निकालकर डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर रुख करेंगे, जिससे बैंकिंग सिस्टम पर असर पड़ेगा। इसी वजह से बैंक इस तरह के इनामों पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे।

वहीं Coinbase के पॉलिसी प्रमुख फरीयार शिरजाद ने कहा कि भले ही कुछ सख्त शर्तें लागू हुई हैं, लेकिन क्रिप्टो यूजर्स को नेटवर्क के उपयोग के आधार पर रिवॉर्ड मिलने का रास्ता खुला है। उनके मुताबिक यह उद्योग के लिए बड़ी जीत है। यह बिल, जो अमेरिका में क्रिप्टो बाजार के नियम तय करने से जुड़ा है, अब सीनेट बैंकिंग समिति में वोटिंग के लिए आगे बढ़ सकता है। इसका उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि डिजिटल एसेट्स पर किस नियामक संस्था- SEC या Commodity Futures Trading Commission- का नियंत्रण होगा।
इससे पहले यह प्रस्ताव “Clarity Act” के नाम से अटका हुआ था, लेकिन अब व्हाइट हाउस और उद्योग के बीच बातचीत के बाद इसमें नई गति देखने को मिल रही है।