नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में सकारात्मक संकेतों के बीच सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के भाव बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना सुबह के कारोबार में 615 रुपये की बढ़त के साथ 1,47,818 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने ने 1,47,987 रुपये का उच्चतम स्तर भी छुआ। वहीं, पिछले सत्र में सोना 1,47,203 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
दूसरी ओर, जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 2,139 रुपये की तेजी के साथ 2,35,324 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। दिन के दौरान चांदी ने 2,37,106 रुपये प्रति किलोग्राम का उच्चतम स्तर दर्ज किया। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 2,33,185 रुपये प्रति किलोग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालांकि तस्वीर कुछ अलग रही। COMEX पर सोना करीब 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,198.80 डॉलर प्रति औंस और चांदी लगभग 1 प्रतिशत टूटकर 65.63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में प्रगति के संकेतों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जबकि डॉलर की मजबूती के कारण सोने की तेजी सीमित रही। विश्लेषकों के अनुसार MCX गोल्ड के लिए 1,44,250 से 1,42,800 रुपये का स्तर प्रमुख सपोर्ट माना जा रहा है, जबकि 1,49,750 और 1,51,100 रुपये पर रेजिस्टेंस देखा जा रहा है। चांदी के लिए 2,31,400 से 2,28,150 रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है। वहीं 2,41,000 से 2,44,900 रुपये की रेंज में रेजिस्टेंस मौजूद है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा बाजार परिस्थितियों में चांदी का प्रदर्शन सोने की तुलना में अपेक्षाकृत कमजोर बना हुआ है।
ऊर्जा बाजार की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 2 प्रतिशत से अधिक गिरकर 79 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड लगभग 3 प्रतिशत टूटकर 75 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा है। कच्चे तेल में आई इस नरमी का असर वैश्विक कमोडिटी बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है।
