बालोद। जिले के डौंडीलोहारा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग के 10 केवीए ट्रांसफार्मर से कॉपर वाइंडिंग चोरी कर ली। घटना बर्रापारा और गंजईडीह के बीच सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर में हुई। चोरी के कारण छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को करीब 35 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। विभाग की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्युत विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह करीब 7:45 बजे लाइन परिचालक भूपेंद्र ठाकुर ने कनिष्ठ अभियंता रूपेश कुमार पटेल को ट्रांसफार्मर से कॉपर वाइंडिंग गायब होने की सूचना दी। यह ट्रांसफार्मर बर्रापारा-गंजईडीह मार्ग पर लल्लू जैन के फ्लाई ऐश ब्रिक्स के पास लगा हुआ था। सूचना मिलने पर कनिष्ठ अभियंता मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
जांच के दौरान ट्रांसफार्मर की बाहरी बॉडी और अंदर का कोर जमीन पर बिखरा मिला, जबकि तांबे की वाइंडिंग गायब थी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, चोरी 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात हुई। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के बाद कनिष्ठ अभियंता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास के इलाकों में सुराग जुटाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
