हैदराबाद। तेलंगाना के निजामाबाद जिले में एक स्कूल में उर्दू पढ़ाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि कुछ लोग स्कूल परिसर में घुस गए और क्लास के दौरान उर्दू शिक्षक के साथ मारपीट की। घटना के बाद पुलिस ने भाजपा नेताओं समेत 20 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, अरमूर स्थित भारत चंद्र स्कूल में उर्दू शिक्षक आमेर छात्रों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग स्कूल में पहुंचे और आरोप लगाया कि गैर-मुस्लिम छात्रों को उर्दू तथा धार्मिक सामग्री पढ़ाई जा रही है। इसके बाद विवाद बढ़ गया और शिक्षक के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामले को लेकर कई शिक्षक और अल्पसंख्यक संगठनों ने विरोध जताते हुए निजामाबाद बंद का आह्वान किया है। उन्होंने स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान किसी शिक्षक पर हमला करना गंभीर मामला है।
इस बीच कांग्रेस नेता डॉ. शमा मोहम्मद ने भी घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में शिक्षक के साथ मारपीट की गई। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि स्कूल में छात्रों को उर्दू गीत और धार्मिक सामग्री पढ़ाई जा रही थी, जिस पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। पुलिस ने स्कूल परिसर में जबरन प्रवेश, मारपीट, डराने-धमकाने और अन्य आरोपों के तहत भाजपा नेताओं सहित करीब 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
