रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार के फैसलों के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस का कहना है कि, बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं, किसानों और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर स्थित राजीव भवन में पत्रकार वार्ता कर आंदोलन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, 17 जून को कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य के सभी जिलों में बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव करेंगे। इसके बाद 18 जून को जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ता कर पार्टी अपना पक्ष रखेगी।
कांग्रेस ने जुलाई के पहले सप्ताह से घर-घर संपर्क अभियान चलाने की भी घोषणा की है। इस दौरान कार्यकर्ता उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को आगे बढ़ाएंगे। पार्टी ने दावा किया कि, नए टैरिफ के कारण घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार पड़ा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि, बिजली बिल हाफ योजना बंद होने और बढ़ी दरों के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं।
स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने कहा कि, कई उपभोक्ताओं से ज्यादा बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं और इस व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है। पार्टी ने सरकार से उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने और बिजली बिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग की है। कांग्रेस ने साफ किया है कि, बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर उसका विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
