रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप मामले को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित चैट स्क्रीनशॉट में नाम सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने वायरल सामग्री को फर्जी और फोटोशॉप से तैयार किया गया बताया।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से प्रसारित हो रही है, जिसमें दावा किया गया है कि, महादेव बेटिंग एप से जुड़े आरोपी सौरभ चंद्राकर के कथित सोशल मीडिया अकाउंट से भूपेश बघेल के नाम वाले यूजरनेम के जरिए बातचीत हुई थी। इस दावे के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। भूपेश बघेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वायरल किए जा रहे स्क्रीनशॉट और चैट पूरी तरह मनगढ़ंत हैं। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की कोई बातचीत कभी नहीं हुई और गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की जा रही है।
पूर्व सीएम ने कहा कि, इस मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी कानूनी टीम पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। उन्होंने फर्जी खबर फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही। उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपील की कि, किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूर करें। महादेव एप मामले को लेकर पहले भी कई राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप सामने आ चुके हैं। अब वायरल चैट विवाद के बाद सभी की नजर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच पर टिकी है।
