आलू से भरा ट्रक मोड़ पर पलटा, चालक बाल-बाल बचा

Follow Us

पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र में सोमवार तड़के आलू से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा घठौली गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि एक बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG10AK1518 प्रयागराज से आलू लेकर बिलासपुर जा रहा था। घठौली गांव के समीप तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर आलू बिखर गए और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक नंद कुमार को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। ट्रक हटाने और सड़क को साफ करने के बाद यातायात सामान्य किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह मोड़ काफी खतरनाक है और यहां पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा संकेतक और अन्य आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।