मुंबई। ‘बिग बॉस 20’ के घर में कंटेस्टेंट्स के बीच टकराव लगातार देखने को मिल रहा है। शो के नए प्रोमो में अमन गांधी और यंग डीएसए उर्फ हर्ष मछारे के बीच तीखी बहस नजर आई। दरअसल, नॉमिनेशन प्रक्रिया के बाद हुए एक टास्क में अमन गांधी ने जीत हासिल की और उन्हें किसी एक सदस्य की लाइफलाइन खत्म करने का अधिकार मिला। अमन ने यंग डीएसए की लाइफलाइन छीनने का फैसला किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
इस सीजन में यंग डीएसए और ईशा रिखी नॉमिनेशन में हैं। इस बार घरवालों से उन सदस्यों के नाम पूछे गए, जिन्हें वे नॉमिनेशन से बचाना चाहते थे। यंग और ईशा को एक भी सेविंग वोट नहीं मिला, जिसके चलते दोनों नॉमिनेट हो गए। इसके बाद राशन से जुड़े टास्क में सबसे पहले ‘रूम नंबर 20’ पहुंचने वाले अमन गांधी को विशेष अधिकार मिला। प्रोमो में लाइफलाइन छीने जाने के बाद यंग को अमन पर गुस्सा करते देखा जा सकता है। इसी बीच गुल्लू की ओर से यंग की पावर कम करने का संकेत दिए जाने की बात भी सामने आती है। अब देखना होगा कि इस विवाद और नॉमिनेशन के बीच यंग डीएसए का शो में सफर आगे जारी रहता है या नहीं। ‘बिग बॉस 20’ को सलमान खान होस्ट कर रहे हैं। शो जियो हॉटस्टार पर रात 9 बजे और कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे प्रसारित होता है।
